12.05.2026 अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस पर वीकेबीआर हॉस्पिटल में कार्यक्रम आयोजित
12.05.2026 अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस पर वीकेबीआर हॉस्पिटल में कार्यक्रम आयोजित
विवेकानंद केंद्र बीना रिफायनरी हॉस्पिटल में अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी नर्सिंग स्टाफ ने हाथों में कैंडल लेकर मरीजों की सेवा में सदैव तत्पर रहने की शपथ ली।
कार्यक्रम की शुरुआत विशिष्ट अतिथि श्री दुर्गेश कुमार झा, पूर्व चीफ एचआर मैनेजर, आइओसीएल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. दीक्षित तथा अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।
इस अवसर पर श्री दुर्गेश कुमार झा ने कहा कि नर्सिंग का कार्य दीपक के समान है। जिस प्रकार दीपक स्वयं जलकर अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार नर्सें भी दुखी एवं पीड़ित मरीजों की सेवा कर उनके कष्टों को दूर करने का कार्य करती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. रवि सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य : सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” को विस्तार से समझाया तथा नर्सों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. दीक्षित ने कहा कि नर्सिंग प्रोफेशन केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का संकल्प है। उन्होंने अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मरीजों की सतत देखभाल, दवाओं का सही समय पर प्रबंधन तथा डॉक्टरों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखना नर्सों की प्रमुख जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी डॉक्टरों एवं अस्पताल स्टाफ ने नर्सिंग स्टाफ को अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके सेवा कार्य को पूजनीय बताया।







