विश्व महिला दिवस

08.03.26 05:03 PM - Comment(s) - By IT Support

कैंसर डिटेक्शन एवं जागरूकता शिविर

विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में विवेकानंद केंद्र बीना रिफायनरी हॉस्पिटल (वीकेबीआर हॉस्पिटल) में 7 मार्च 2026 को निःशुल्क कैंसर डिटेक्शन एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. श्वेता चवरक्काड़ एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ ए के दीक्षित द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कैंप में डॉ. राय हॉस्पिटल, सागर से आई विशेषज्ञ टीम की डॉ. श्वेता चवरक्काड़, ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ ने उपस्थित मरीजों को कैंसर से संबंधित लक्षणों, जांच और उपचार के विषय में परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि कैंसर लाइलाज बीमारी नहीं है, समय पर लक्षणों की पहचान कर चिकित्सक से परामर्श लेने पर इसका सफल उपचार संभव है। उन्होंने बताया कि शरीर में गांठ या सूजन, त्वचा में बदलाव, लगातार दर्द, असामान्य रक्तस्राव, घाव का लंबे समय तक न भरना, लगातार खांसी, गले में दर्द, वजन का कम होना या अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
इस अवसर पर वी के बी आर अस्पताल में स्थापित नई मैमोग्राफी मशीन के बारे में भी जानकारी दी गई। यह आधुनिक जांच तकनीक स्तन कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान करने में अत्यंत सहायक है। विशेषज्ञों ने बताया कि 40 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को नियमित रूप से मैमोग्राफी जांच करानी चाहिए, जिससे समय रहते उपचार संभव हो सके। कैंप के दौरान मरीजों की ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक जांचें भी निःशुल्क की गईं।
कैंप के पश्चात विशेषज्ञ कैंसर चिकित्सक द्वारा अस्पताल के डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ के लिए सीएमई (Continuing Medical Education) सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कैंसर के लक्षण, समय पर स्क्रीनिंग एवं प्रारंभिक पहचान के विषय में विस्तृत जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे भविष्य में कैंसर से प्रभावित मरीजों के बेहतर उपचार और मार्गदर्शन में सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार दीक्षित, चिकित्सा अधीक्षक, वीकेबीआर हॉस्पिटल भी उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. राय हॉस्पिटल, सागर से आई विशेषज्ञ टीम का स्मृति चिन्ह एवं साहित्य भेंट कर सम्मान किया।
यह शिविर क्षेत्र के लोगों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित करने वाला सिद्ध हुआ

IT Support

Share -