गीता जयंती उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया
विवेकानंद केंद्र बीना रिफायनरी अस्पताल,बीना
गीता जयंती उत्सव का आयोजन
दिनांक 3 दिसंबर 2025 को विवेकानंदकेंद्र बीना रिफायनरी अस्पतालमें गीता जयंती उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री धन्नालाल प्रजापति ने किया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती श्री लक्ष्मी श्रीवन्ती रही। उन्होंने भगवद्गीता के दो स्तर का गहन अध्ययन पूर्ण किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में गीता पाठ और वोकल प्रस्तुति के लिए पांच स्वर्ण पदक भी प्राप्त किए हैं।
उन्होंने अपने मधुर स्वरों में गीता के श्लोकों का गान कराया और उनके भावार्थ को सरल भाषा में सभी को समझाया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि भगवद्गीता केवल घर में सजाकर रखने की वस्तु नहीं है, बल्कि इसका निरंतर अध्ययन और दैनिक जीवन में उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि—
भगवद्गीता में जीवन की सभी समस्याओं का समाधान निहित है,
यह विपरीत परिस्थितियों में मार्गदर्शन करती है,और
यह सभी वेदों का सार है।
उन्होंने कहा कि जैसे महाभारत में अर्जुन धर्मसंकट में थे— एक ओर अपने संबंधी और दूसरी ओर धर्म— तब भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का उपदेश देकर उन्हें सही मार्ग दिखाया। उसी प्रकार जब जीवन में कुछ भी स्पष्ट दिखाई न दे, तब गीता हमारा मार्गदर्शन करती है।
इस अवसर पर शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मेधा भराडे ने श्रीमती श्री लक्ष्मी श्रीवन्ती को स्मृति चिन्ह और साहित्य भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में संपूर्ण मेडिकल स्टाफ, डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विवेकानंद केंद्र की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माननीय निवेदिता दीदी के संदेश का वाचन भी किया गया।
कार्यक्रम का समापन केंद्र प्रार्थना के साथ किया गया।




